प्रयागराज: गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ ने मौनी अमावस्या पर कुंभगनर के हरिश्चंद्र घाट पर अपने सैकड़ों अनुयायियों के साथ गंगा के पवित्र जल में स्नान किया। इस दौरान श्रद्धालु हर हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारे लगाते रहे, और विद्वान आचार्य गणों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा।

शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद ने गंगा के पवित्र जल में डुबकी लगाने के साथ ही विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर संगम क्षेत्र में स्नान का विशेष महत्व है, इससे जन्म जन्मांतर के समस्त पाप धुल जाते हैं, और सुख, शांति एवं समृद्धि में वृद्धि होती है।

मौनी अमावस्या पर करोड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में डुबकी लगायी, यह ऐसा उदाहरण पूरी दुनिया में है,जब एक साथ करोड़ों लोग किसी नदी में स्नान करते हों।